विश्व भर में एक बेहतरीन पार्टी डैस्टीनेशन के रूप में विख्यात तेल अवीव को बेहद स्वादिष्ट भोजन, उत्तम दर्जे की कला से लेकर उदारवादी छवि के लिए भी जाना जाता है।
इतिहास पर नजर:
रोथ्सचाइल्ड बोल्वार्ड इस शानदार शहर के इतिहास का नजारा पेश करता है। तेल अवीव की कुछ सबसे मशहूर इमारतें तथा इंडिपैंडैंस हॉल जैसे स्मारक यहीं हैं। यही वह स्थान है जहां 1948 में इसराईल के प्रथम प्रधानमंत्री डेविड बेन गुरिओन ने इसराईल राष्ट्र की स्थापना की थी। इसके कुछ दिलचस्प स्थलों में एक है शहर का पहला कॉफी कियोस्क जो आज भी काम करता है। यहां स्थित बैनेडिक्ट में चौबीस घंटे भोजन परोसा जाता है।
16 खूबसूरत समुद्र तट:
यहां 16 खूबसूरत बीच हैं। इनमें से हर किसी में अपनी ही अलग खास बात है। यहां के समुद्र तटों पर सैर-सपाटे का आनंद लेने के लिए अप्रैल से अक्तूबर का वक्त उपयुक्त माना जाता है।
तेल अवीव के समुद्र तट फिटनैस जोन से कम नहीं हैं जहां स्थानीय लोग खुद को फीट रखने के लिए हर तरह की गतिविधियों में लिप्त दिखाई देती हैं। तट पर जगह-जगह वर्कआउट स्टेशन्स बने हैं। लोगों को यहां साइकलिंग भी खासी पसंद है और शहर में 85 मील लम्बी साइकलिंग लेन्स बनी हैं। शहर के पर्यावरण हितैषी बाइक सिस्टम को ‘टेलोफन’ कहते हैं।
समुद्र तट पर छोटी-छोटी झोंपड़ियां भी बनी हैं। धुप तीखी होने पर ये बेहद काम आती हैं। कुछ लोग यहीं पर पिकनिक मनाने के लिए बास्केट में खाने-पीने की चीजें भरकर बैठे दिखाई दे जाते हैं।
सड़कों पर बिखरी कला:
यहां स्ट्रीट आर्ट खासा लोकप्रिय है। दक्षिण तेल अवीव में फ्लोरेंटिन इसे देखने के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। कला केंद्र के रूप में उभर रही इस जगह पर स्ट्रीट आर्ट हर ओर दिखाई देती है। प्रतीत होता है कि हर दिवार तथा कोने को कैनवास की तरह उपयोग किया गया है। यहां दिखने वाली कला राजनीतिक से लेकर विविध मुद्दों को छूती है।
तट पर किताबें:
यदि आप भी किताबी कीड़ा हैं यानी आप किताबें पढ़ने में रूचि रखते हैं तो शहर में सैर-सपाटे वाली कई जगहों पर खड़ी मोबाइल लाइब्रेरी आपका ध्यान अवश्य खिंचेंगी। समुद्र तट पर आराम फरमाते हुए यदि कुछ पढ़ने का दिल हो तो इनसे कुछ किताबें ले सकते हैं।
हर किसी का स्वागत:
यह शहर हर वर्ग का खुल कर स्वागत करता है तभी इसे खुले दिमाग तथा बेहद उदारवादी माना जाता है। जून में यहां समलैंगिकों की वार्षिक ‘गे प्राइड परेड’ भी आयोजित होती है। कई इमारतों तथा रेस्तरांओं व दुकानों पर समलैंगिकों का प्रतिक ‘रेनबो फ्लैग’ फहराता भी दिखाई दे जाता है जो इस बात का प्रमाण है कि यह शहर कितना आजाद ख्याल है।
सैगवे का दिलचस्प अनुभव:
यहां समुद्र तट के करीब पर्यटकों के लिए सैगवे (दो पहियों वाले अत्याधुनिक वाहन) भी उपलब्ध हैं। थोड़े से अभ्यास से इन्हें चलाया जा सकता है जो एक बेहद दिलचस्प अनुभव बन जाता है। जिन लोगों के पास वक्त कम हो और शहर को ज्यादा से ज्यादा देखने की इच्छा हो, उनके लिए सैगवे बेहद उपयुक्त है।
ITP Indian Travel Places: Food, Travel, Tourism Business Events and Trade Shows